नैनीताल। सरोवर नगरी के पास गेठिया-भवाली मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार के गहरी खाई में गिर जाने से दो पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, उन्नाव से आए पर्यटक भवाली मार्ग से होते हुए अल्मोड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, SDRF और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टीमों ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला।
इस हादसे में अंकित और अमीराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अतुल और श्याम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक सभी पर्यटक उन्नाव जिले के निवासी थे और अल्मोड़ा जिले के मंदिरों के दर्शन के लिए जा रहे थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।