पौड़ी/खिर्सू: जनपद पौड़ी के खिर्सू ब्लॉक के अंतर्गत जोगणी गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक गुलदार ने पानी भरने गए बुजुर्ग पर अचानक हमला बोल दिया। इस हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शाम को गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर रेस्क्यू कर लिया है।सुबह 7 बजे घात लगाकर किया हमलाप्राप्त जानकारी के अनुसार, जोगणी गांव निवासी एक बुजुर्ग शनिवार सुबह करीब 7 बजे गांव के पास स्थित धारे पर पानी लेने गए थे। वहां पहले से ही झाड़ियों में घात लगाकर बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। बुजुर्ग के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद गुलदार वहां से भाग निकला। हमले में बुजुर्ग के सिर और हाथ पर गहरे जख्म आए हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर पहुँचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है।दिनभर चला सर्च ऑपरेशन, शाम को मिली सफलताघटना के बाद से ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची और गुलदार की घेराबंदी शुरू की। वन क्षेत्राधिकारी लक्ष्यत्र लव शाह और वन बीट अधिकारी रवींद्र कुमार के नेतृत्व में पूर्वी खिर्सू बीट की टीम ने दिनभर सर्च ऑपरेशन चलाया।कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब 5:30 बजे टीम ने गुलदार को झाड़ियों में लोकेट किया और उसे ट्रेंकुलाइज (बेहोश) कर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।6 साल की मादा गुलदार है बीमारवन विभाग के अनुसार, पकड़ा गया गुलदार करीब 6 साल की मादा है। शुरुआती जांच में गुलदार कुछ बीमार नजर आ रहा है, जिसे आगे की निगरानी और उपचार के लिए नागदेव रेंज, पौड़ी ले जाया गया है।वन विभाग की अपील: गुलदार के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस जरूर ली है, लेकिन वन विभाग ने एहतियात के तौर पर ग्रामीणों से अकेले सुनसान रास्तों पर न जाने और सतर्क रहने की अपील की है।