रुद्रप्रयाग: चारधाम यात्रा के सुव्यवस्थित संचालन और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा मुक्त अभियान को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद कर एक आरोपी को दबोचा है।चेकिंग के दौरान पकड़ा गया जखीरासोमवार, 27 अप्रैल को एसओजी प्रभारी रंजीत खनेड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी बीच एक अल्टो कार (UK 12 F 1268) को रुकने का इशारा किया गया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस टीम के होश उड़ गए; कार के भीतर मैकडॉवेल व्हिस्की की 11 पेटियां छिपाकर रखी गई थीं।बरामदगी का विवरण:कुल पेटियां: 11बोतलें: 12हाफ: 48पव्वे: 384पुराना अपराधी है गिरफ्तार तस्करपुलिस ने मौके से अभियुक्त श्रवण कुमार (पुत्र रघुनाथ सिंह), निवासी ग्राम कठूड, श्रीनगर को गिरफ्तार किया है। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि अभियुक्त एक आदतन अपराधी है। इससे पहले वर्ष 2022 में भी उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।कानूनी कार्रवाई: पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार को सीज कर दिया है। कोतवाली रुद्रप्रयाग में अभियुक्त के खिलाफ मु.अ.सं. 26/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।चारधाम यात्रा में सुरक्षा सख्तपुलिस अधीक्षक ने साफ संदेश दिया है कि चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों या नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।