स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति के रंग में रंगा श्रीनगर गढ़वाल: तिरंगा यात्रा में उमड़े 5,000 से अधिक छात्र-छात्राएं
श्रीनगर गढ़वाल:
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर श्रीनगर गढ़वाल पूरी तरह से देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। मंगलवार को शहर में आयोजित भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के 5,000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ प्रतिभाग किया।
स्थानीय रामलीला मैदान से शुरू हुई इस तिरंगा यात्रा में पूरा मैदान हाथों में तिरंगा लिए युवाओं से पटा नजर आया। देशभक्ति के बुलंद नारों और राष्ट्रगान की गूंज से पूरा श्रीनगर शहर सराबोर हो उठा। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे छात्र-छात्राओं ने मुख्य मार्गों से गुजरते हुए शहरवासियों में राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका: डॉ. धन सिंह रावत
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवा पीढ़ी के हाथों में है। उन्होंने छात्रों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और भारत की एकता, अखंडता व गौरव को अक्षुण्ण रखने का आह्वान किया।