श्रीनगर (गढ़वाल): हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव निर्धारित समय-सीमा के भीतर कराने की मांग को लेकर हलचल तेज हो गई है। सोमवार को ‘जय हो’ छात्र संगठन ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) श्रीनगर नूपुर वर्मा को ज्ञापन सौंपकर शैक्षणिक सत्र शुरू होने के 56 दिनों के भीतर चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने का आग्रह किया।
लिंगदोह समिति की अनुशंसाओं का हवाला
छात्र संगठन ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि विश्वविद्यालय का शैक्षणिक सत्र 21 जुलाई से प्रारंभ हो चुका है। लिंगदोह समिति की सिफारिशों के अनुसार सत्र शुरू होने के 6 से 8 सप्ताह (42 से 56 दिन) के भीतर चुनाव प्रक्रिया पूरी हो जानी चाहिए। संगठन के अनुसार 56 दिन की यह अवधि 15 सितंबर को समाप्त हो रही है, इसलिए विश्वविद्यालय प्रशासन को अविलंब चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करनी चाहिए।
आंदोलन की चेतावनी
संगठन के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय पर चुनाव प्रक्रिया शुरू या पूरी नहीं की जाती है, तो छात्र समुदाय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और व्यापक आंदोलन के लिए मजबूर होगा।
एसडीएम ने जताई शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका
मामले की संवेदनशीलता और छात्र संगठन की आंदोलन की चेतावनी को देखते हुए एसडीएम नूपुर वर्मा ने जिलाधिकारी पौड़ी को पत्र भेजकर आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है। एसडीएम ने पत्र में क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका व्यक्त की है।
उन्होंने जिलाधिकारी से सिफारिश की है कि विश्वविद्यालय प्रशासन को लिंगदोह समिति के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने हेतु निर्देशित किया जाए। इस पत्र की प्रतियां विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव और मुख्य चुनाव अधिकारी को भी प्रेषित की गई हैं।