कोटद्वार। कोटद्वार से पोखड़ा जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) की बस में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब चलती बस में तैनात परिचालक अचानक अचेत होकर गिर पड़ा। यात्रियों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब स्थिति का जायजा लिया, तो परिचालक के अत्यधिक शराब के नशे में होने का खुलासा हुआ।गुमखाल के पास मच गया हड़कंपजानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे रोडवेज बस (संख्या UK 07PA 6723) कोटद्वार से सवारियां लेकर पोखड़ा के लिए रवाना हुई थी। यात्रा के दौरान गुमखाल से पहले ‘डे-नाइट’ होटल के पास बस के परिचालक की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और वह बेहोश हो गया। परिचालक को अचेत देख बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी।बस में मिली शराब की खाली बोतलसूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने जब परिचालक की जांच की, तो पता चला कि वह किसी बीमारी से नहीं, बल्कि अत्यधिक शराब पीने के कारण बेहोश हुआ था। तलाशी के दौरान बस से शराब की एक खाली बोतल भी बरामद हुई है। ड्यूटी के दौरान परिचालक के इस गैर-जिम्मेदाराना रवैये और नशे में होने की घटना से यात्रियों में गहरा रोष फैल गया।2 घंटे की देरी से रवाना हुए यात्रीपरिचालक के अचेत होने के कारण बस में सफर कर रहे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना के बाद कोटद्वार डिपो से दूसरी बस और चालक-परिचालक की व्यवस्था कर मौके पर भेजा गया, तब जाकर यात्रियों को पोखड़ा के लिए रवाना किया जा सका। इस पूरी प्रक्रिया के कारण यात्रियों को सड़क पर ही लगभग दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। यात्रियों ने रोडवेज की कार्यप्रणाली और यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए हैं।