पौड़ी | 15 दिसंबर 2025
भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से जनसुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में जिला प्रशासन पौड़ी ने एक अहम पहल की है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा विकसित ‘भूदेव’ मोबाइल एप के व्यापक प्रचार-प्रसार और उपयोग पर विशेष बल दिया जा रहा है।
अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल ने जानकारी देते हुए बताया कि भूदेव एप भूकंप आने से कुछ सेकंड पूर्व अलर्ट जारी करने में सक्षम है, जिससे लोग समय रहते सुरक्षित स्थानों तक पहुंचकर जान-माल की क्षति को कम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित पूर्व चेतावनी प्रणाली को सशक्त बनाना आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में एक निर्णायक कदम है।
उन्होंने बताया कि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में सभी विभागाध्यक्षों एवं कार्यदायी संस्थाओं को अपने-अपने कार्यालयों में भूदेव एप इंस्टॉल कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, भूकंप से बचाव को लेकर अधिक से अधिक ग्रामीणों को जागरूक करने हेतु समस्त खंड विकास अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला ने बताया कि भूदेव एप में भूकंपीय गतिविधियों की दैनिक जानकारी, जियो-रेफरेंस्ड लोकेशन के साथ इंटरेक्टिव मैप तथा आपात स्थिति में एसओएस फीचर के माध्यम से लाइव लोकेशन साझा करने जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हैं। ये सुविधाएं आपदा के समय त्वरित राहत एवं सहायता पहुंचाने में सहायक सिद्ध होंगी।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे स्वयं भूदेव एप इंस्टॉल करें और अपने परिवार, पड़ोसियों एवं सहकर्मियों को भी इसके उपयोग के लिए प्रेरित करें, ताकि आपदा की स्थिति में अधिक से अधिक लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।