थराली (चमोली)। चमोली जिले के थराली विकासखंड अंतर्गत कुलसारी–सुनाऊ मोटर पुल के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। कार्यक्रम में उस समय हंगामा मच गया, जब भाजपा विधायक भूपाल राम टम्टा के पहुंचने से पहले ही कांग्रेस समर्थित ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित की मौजूदगी में मुहूर्त के अनुसार भूमि पूजन शुरू कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही भूमि पूजन शुरू हुआ, मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ता नाराज हो गए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल छोड़ दिया और विधायक के पहुंचने पर उनका वाहन रोककर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
घटना से नाराज विधायक भूपाल राम टम्टा ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और कार्यक्रम में शामिल हुए बिना ही वापस लौटना उचित समझा। विधायक के लौटने से कार्यक्रम स्थल पर राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म हो गया।
वहीं, ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित ने स्पष्ट किया कि भूमि पूजन शुभ मुहूर्त के अनुसार शुरू किया गया था और विधायक के आने तक इसे रोककर रखा गया था। उन्होंने आरोपों को निराधार बताया। दूसरी ओर, विभागीय अधिकारियों ने पूरे मामले को गलतफहमी करार दिया।
उधर, विधायक के लौट जाने के बाद भी ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित, ज्येष्ठ प्रमुख नवनीत रावत और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी में भूमि पूजन की औपचारिकताएं पूरी की गईं।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर क्षेत्र में सत्ताधारी और विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक खींचतान को उजागर कर दिया है, जिससे प्रशासनिक भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।