ज्योतिर्मठ।
मलारी से लगभग 7 किमी आगे स्थित ग्राम मेहर में लगी आग पर फायर सर्विस ज्योतिर्मठ, पुलिस, आईटीबीपी, आर्मी एवं बीआरओ की त्वरित और समन्वित कार्रवाई से समय रहते पूर्ण नियंत्रण पा लिया गया। घटना में कोई जनहानि या पशु हानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही चौकी मलारी से पुलिस बल, आईटीबीपी और फायर सर्विस को अलर्ट किया गया। फायर सर्विस ज्योतिर्मठ की प्रशिक्षित टीम अत्याधुनिक अग्निशमन उपकरणों के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और चार होज पाइप लगाकर योजनाबद्ध तरीके से आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
अग्निशमन के दौरान आर्मी एवं बीआरओ के टैंकरों से निरंतर जल आपूर्ति की गई, जिससे आग पर शीघ्र काबू पाया जा सका। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 1–2 मकान प्रभावित हुए हैं। घटना के समय गांव में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।
मौके पर राजपूत रेजीमेंट (मलारी), आईटीबीपी, बीआरओ, आर्मी और पुलिस बल की मौजूदगी में बेहतर समन्वय से स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लाया गया।
फायर सर्विस ज्योतिर्मठ टीम:
LFM प्रदीप त्रिवेदी, चालक प्रदीप, चालक राकेश गौड़, FM पंकज थपलियाल, महिला फायरमैन—मनीषा सजवाण, प्रियंका रावत, मीनाक्षी, सपना; साथ ही कोतवाली ज्योतिर्मठ की टीम।