पौड़ी,
बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं को शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से विकासखंड कल्जीखाल के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नन्दाखाल में कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को विभिन्न शैक्षिक एवं व्यावसायिक विकल्पों की जानकारी देकर उनके भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान दिवाई अनुसूया देवी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। बाल विकास परियोजना अधिकारी कल्जीखाल ने कैरियर काउंसलिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका ने महिलाओं और बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही पाॅक्सो अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम तथा महिला हेल्पलाइन 181 के संबंध में भी आवश्यक जानकारियां साझा की गईं।
इस अवसर पर बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बालिकाओं को स्कूल बैग वितरित किए गए, जबकि विद्यालय में उपस्थित छात्रों को पेन और नोटबुक प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी सुषमा रावत, कनिष्ठ सहायक महाराज सिंह रावत, गोपाल कुमार, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री अरुणा, अंजू, सुनीता, पूर्णिमा, रीता सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का संचालन सुपरवाइजर सुनीता तोपवाल ने किया।