चौरास।(टिहरी गढ़वाल)
चौरास बाजार में बीती रात मानो फिल्म ‘धूम’ के चोरों की एंट्री हो गई। 30/31 दिसंबर 2025 की रात अज्ञात चोरों ने बेहद शातिर अंदाज़ में एक सुनार की दुकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार में छेद कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर फरार हो गए। चोरी का पता सुबह तब चला, जब दुकानदार ने दुकान खोली। इसके बाद पूरे बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पीड़ित दुकानदार ईशांत चौहान, संचालक चौहान ज्वेलर्स, चौरास, ने थाने में तहरीर देकर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात चोरों की तलाश तेज कर दी गई है। वहीं घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी और भय का माहौल है। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी की इस वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।