पौड़ी | 01 जनवरी 2026
अनुसूचित जाति वर्ग के छात्र-छात्राओं को सिविल सेवा परीक्षाओं की निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण तैयारी उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। समाज कल्याण विभाग और हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर के बीच इस संबंध में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह दुबड़िया ने बताया कि इस एमओयू के तहत डॉ. आंबेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (DACE) के माध्यम से अनुसूचित जाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को सिविल सर्विसेज की निःशुल्क कोचिंग प्रदान की जाएगी। यह पहल पर्वतीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर अवसर और मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग की भूमिका केवल छात्रवृत्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने, उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए मार्गदर्शन देना भी विभाग की प्राथमिकता है। विश्वविद्यालय के अनुभवी प्राध्यापकों के निर्देशन में संचालित यह कोचिंग कार्यक्रम छात्रों के भविष्य को नई दिशा देगा।
एमओयू हस्ताक्षर कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह, कुलसचिव डॉ. राकेश डोडी, प्रो. एम. एम. सेमवाल, प्रो. मोहन सिंह पंवार सहित अनेक प्राध्यापक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी ने पहल को सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।