श्रीनगर। अंकिता भंडारी मामले को लेकर सियासत गरमाती जा रही है। शनिवार को श्रीनगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गोला पार्क में कांग्रेस का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उस पर मामले को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि कांग्रेस अंकिता भंडारी के नाम पर जनता को गुमराह कर रही है और इस बेहद संवेदनशील मामले को राजनीतिक लाभ के लिए भुनाने का प्रयास कर रही है। उनका आरोप था कि कांग्रेस जनता की भावनाओं से खेलकर माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रही है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि इस तरह की राजनीति से न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित होती है और समाज में भ्रम की स्थिति पैदा होती है। उन्होंने कांग्रेस से इस मुद्दे पर राजनीति बंद करने और न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा बनाए रखने की अपील की।
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि कानून अपना काम कर रहा है और दोषियों को सजा दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।