देहरादून। बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार का संघर्ष लगातार जारी है। अंकिता भंडारी के माता-पिता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक भावुक पत्र सौंपते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा है कि “पिक्चर अभी बाकी है” और जब तक उनकी बेटी को पूर्ण न्याय नहीं मिलेगा, वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
पत्र में परिजनों ने मामले में निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने की अपील की है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पूरे प्रकरण में किसी भी प्रकार का दबाव, प्रभाव या हस्तक्षेप स्वीकार्य नहीं होना चाहिए और सच्चाई बिना किसी लाग-लपेट के सामने आनी चाहिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रही है और कानून के दायरे में रहते हुए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना है।
अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर प्रदेश की राजनीति और जनचर्चा के केंद्र में आ गया है। परिजनों के पत्र के बाद मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर लोगों की निगाहें सरकार और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।