कर्णप्रयाग।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने गुरुवार (08 जनवरी 2026) को कोतवाली कर्णप्रयाग का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली परिसर के प्रत्येक हिस्से का गहन अवलोकन किया।
एसपी चमोली ने सबसे पहले पुलिस आवासीय भवनों का निरीक्षण कर उनकी स्थिति जानी तथा आवासीय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने कार्यालय, मालखाना, भोजनालय एवं हवालात का निरीक्षण किया। मालखाने के रख-रखाव और अभिलेखों की बारीकी से जांच करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा स्वच्छता एवं व्यवस्थागत अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
चमोली जनपद आपदा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है। इसे ध्यान में रखते हुए एसपी चमोली ने आपदा उपकरणों के रखरखाव एवं उनकी कार्यक्षमता की स्वयं जांच की। इस दौरान एसडीआरएफ के जवानों ने विभिन्न आपदा उपकरणों का कुशलतापूर्वक संचालन कर प्रदर्शन किया। एसपी ने कहा,
“आपदा के समय एक सेकंड की देरी भी भारी पड़ सकती है, इसलिए निरंतर अभ्यास और तैयार रहना बेहद जरूरी है।”
निरीक्षण से पूर्व कर्णप्रयाग के गणमान्य नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक का गर्मजोशी से स्वागत किया। नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, जनपद के वरिष्ठ चिकित्सक एवं पूर्व मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव शर्मा तथा डॉ. उमा शर्मा ने पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर एसपी का अभिनंदन किया। इस दौरान नगर की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकारों के साथ चर्चा भी हुई।
नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा अवगत कराया गया कि कोतवाली के समीप पूर्व में क्षतिग्रस्त हुए नाले के सुधार कार्य के लिए नगर पालिका द्वारा प्रस्ताव भेजा जा चुका है, जिस पर प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो गई है तथा शीघ्र ही वित्तीय स्वीकृति मिलने की संभावना है।
इसके साथ ही नगर क्षेत्र में दुकानों के बाहर किए गए अनावश्यक अतिक्रमण को लेकर भी गंभीर विचार-विमर्श किया गया। जनसुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग एवं नगर पालिका कर्णप्रयाग द्वारा संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने पर सहमति व्यक्त की गई।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक राकेश भट्ट, उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसांई, उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह, महिला उपनिरीक्षक सरोज नौटियाल, महिला उपनिरीक्षक निशा पांडे, अपर उपनिरीक्षक भूपेन्द्र गोदियाल सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।