पौड़ी।
पौड़ी जनपद के श्रीकोट क्षेत्र स्थित राजकीय नर्सिंग कॉलेज डोभ का नाम परिवर्तित कर ‘स्व. अंकिता भंडारी राजकीय नर्सिंग कॉलेज डोभ (श्रीकोट), पौड़ी’ कर दिया गया है। राज्य सरकार के इस निर्णय को स्वर्गीय अंकिता भंडारी की स्मृति को सम्मान देने और उनके प्रति संवेदना प्रकट करने के रूप में देखा जा रहा है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। परिवार की ओर से प्रस्तुत की गई मांगों पर विधि-सम्मत, निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया निरंतर आगे बढ़ाई जा रही है।
सरकारी स्तर पर यह भी दोहराया गया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में सभी आवश्यक कदम कानून के दायरे में रहते हुए उठाए जा रहे हैं।
यह निर्णय न केवल अंकिता भंडारी की स्मृति को चिरस्थायी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, बल्कि न्याय के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।