चमोली: श्री बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बद्रीनाथ धाम से पहले अचानक पहाड़ी से गिरे विशालकाय बोल्डरों ने श्रद्धालुओं और यात्रियों के पहिए थाम दिए। सड़क पर अचानक आए मलबे और भारी पत्थरों के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
लेकिन मुसीबत की इस घड़ी में ड्यूटी पर तैनात जवानों का जज्बा देखने लायक था। परिस्थिति की गंभीरता और श्रद्धालुओं की असुविधा को समझते हुए जवानों ने भारी मशीनों के आने का इंतजार करना मुनासिब नहीं समझा।
मशीनों का इंतजार किए बिना संभाला मोर्चा
अदम्य साहस, टीम भावना और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए जवानों ने बिना वक्त गंवाए खुद ही मोर्चा संभाल लिया। अपनी जान की परवाह किए बिना जवानों ने हाथों से ही उन विशाल बोल्डरों को खिसकाना और हटाना शुरू कर दिया।
“जब यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा की बात हो, तो इंतजार नहीं, कार्रवाई मायने रखती है।” इसी जज्बे के साथ जवानों ने कुछ ही देर में भारी पत्थरों को सड़क से हटाकर किनारे कर दिया।
हजारों श्रद्धालुओं को मिली राहत
जवानों की इस त्वरित और सराहनीय कार्यवाही की बदौलत कुछ ही समय में बंद पड़े हाईवे को दोबारा यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया। मार्ग खुलते ही फंसे हुए हजारों श्रद्धालुओं और स्थानीय यात्रियों ने राहत की सांस ली और जवानों के इस साहसिक कार्य की जमकर सराहना की।