बदरीनाथ:
चमोली पुलिस ने बदरीनाथ धाम स्थित ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का लगभग पांच लाख रुपये मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया मुकुट, 4,500 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बैग भी सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है।
क्या था पूरा मामला?
ब्रह्मचारी भगवत दास ने बदरीनाथ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 जुलाई की रात आश्रम में ठहरे साधु राघवदास ने मंदिर से भगवान नारायण का स्वर्ण मुकुट और नकदी चुरा ली है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बनी विशेष टीम
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने इस मामले को धार्मिक आस्था से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील प्रकरण मानते हुए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के आधार पर पुलिस ने बुधवार को बद्रीश गंगा वाटिका गेट (हनुमानचट्टी रोड) के पास से आरोपी को धर दबोचा।
- गिरफ्तार आरोपी: राघवराम पाठक उर्फ राघवदास (57 वर्ष)
- निवासी: मुनीमपुर, थाना भिनगा, जनपद श्रावस्ती (उत्तर प्रदेश)
पूछताछ और बरामदगी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का स्वर्ण मुकुट और वहां ठहरे प्रभुदास के बैग से नकदी चुराने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस द्वारा बरामद की गई सामग्री:
- भगवान नारायण का चोरी गया सोने का मणि जड़ित मुकुट (मूल्य करीब 5 लाख रुपये)
- 4,500 रुपये नकद
- घटना में प्रयुक्त काला बैग
बरामदगी के बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी भी कर दी गई है। चमोली पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।