डोईवाला (देहरादून)। शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति सौरभ खत्री और ननद चारु को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शनिवार को दोनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की कार्रवाई और मेडिकल परीक्षण
शनिवार को पुलिस टीम दोनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच डोईवाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहाँ डॉक्टरों की टीम ने उनका मेडिकल परीक्षण किया। मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में वैधानिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।
परिजनों ने लगाए थे गंभीर आरोप
उल्लेखनीय है कि शिक्षिका सृष्टि कंडारी की मौत के बाद उनके मायके पक्ष (परिजनों) ने ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या और उत्पीड़न की आशंका जताई थी। परिजनों की तहरीर और पुलिस को दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस लगातार मामले की गहन जांच कर रही थी।
गहनता से जारी है पुलिस जांच
पति सौरभ खत्री और ननद चारु की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और सबूतों की खंगालने में जुटी है। डोईवाला कोतवाली पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयानों और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।