देहरादून: राजधानी देहरादून के जॉलीग्रांट मार्ग पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होने से टल गया। जॉलीग्रांट से देहरादून लौट रहे एक युवक की चलती ऑल्टो कार में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि चालक ने समय रहते सूझबूझ का परिचय दिया और कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
इंजन से उठीं तेज लपटें
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे ऑल्टो कार चालक जॉलीग्रांट से अपने घर लौट रहे थे। देहरादून रोड स्थित मणिमाई मंदिर से लगभग 200 मीटर आगे पहुंचते ही कार के इंजन वाले हिस्से से अचानक धुआं और तेज लपटें निकलने लगीं। उस समय चालक कार में अकेले सवार थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे मार्ग पर हड़कंप मच गया।
पुलिस और दमकल की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना पुलिस को शाम 7:34 बजे मिली। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल दिनेश रावत और हेड कांस्टेबल जसपाल पवार 11 मिनट के भीतर शाम 7:45 बजे मौके पर पहुंचे। इसके बाद दमकल विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, तब तक कार का अगला हिस्सा जलकर पूरी तरह खाक हो चुका था।
तकनीकी खराबी मानी जा रही वजह
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार में आई तकनीकी खराबी (शॉर्ट सर्किट) माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है।