उत्तरकाशी (उत्तराखंड)। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पापड़गाड़ के समीप शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होने से बाल-बाल टल गया। गंगोत्री धाम से जल भरने जा रहा कांवड़ यात्रियों का एक पिकअप वाहन भू-धंसाव से बुरी तरह प्रभावित और संवेदनशील हिस्से से गुजरते समय अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी की गहरी खाई की ओर फिसलने लगा। गनीमत रही कि वाहन ढलान पर मौजूद बड़े पत्थरों के बीच अटक गया, जिससे नदी में समाने से बच गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बाद में वहां कार्य कर रही एक्सावेटर (JCB) मशीन की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद वाहन को सुरक्षित सड़क पर वापस निकाला गया। हादसे के दौरान वाहन में सवार यात्री बाल-बाल बच गए।
ओवरलोडिंग और भारी साउंड सिस्टम बन रहे खतरा
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पापड़गाड़ क्षेत्र पहले से ही भू-धंसाव और लगातार हो रहे लैंडस्लाइड के कारण बेहद संवेदनशील बना हुआ है। इसके बावजूद कांवड़ यात्रियों के वाहनों में डीजे, भारी साउंड सिस्टम और क्षमता से अधिक सामान लादा जा रहा है।
ओवरलोड वाहनों की आवाजाही के कारण इस भू-धंसाव प्रभावित सड़क पर धंसने का जोखिम और ज्यादा बढ़ गया है, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है।
प्रशासन की कार्रवाई पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इस अति-संवेदनशील मार्ग पर लगातार ओवरलोड वाहन दौड़ रहे हैं, लेकिन पुलिस व प्रशासन की ओर से उनके खिलाफ कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही ओवरलोडिंग पर सख्त अंकुश नहीं लगाया गया, तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।