स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहीद अमित कुमार अणथ्वाल के घर पहुंचे CM धामी, परिजनों को किया सम्मानित
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के भाऊवाला स्थित अमर शहीद अमित कुमार अणथ्वाल के आवास पहुंचकर उनके परिजनों से भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद अमित कुमार अणथ्वाल की अदम्य वीरता और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके पिता श्री नागेंद्र प्रसाद अणथ्वाल सहित समस्त परिवारजनों को सम्मानित किया।
मरणोपरांत सेना मेडल से सम्मानित हैं शहीद अमित
मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद अमित कुमार अणथ्वाल ने शौर्य और पराक्रम की मिसाल पेश की थी। उनकी इस अदम्य वीरता और उत्कृष्ट सेवा के लिए उन्हें मरणोपरांत सेना मेडल से अलंकृत किया गया था।
मुख्यमंत्री धामी ने शहीद के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान को याद किया और परिजनों के साथ समय बिताकर उनका कुशलक्षेम जाना।
”वीर सपूतों की गाथाएं सदैव प्रेरित करेंगी”
शहीद परिवार से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संदेश देते हुए कहा:
“स्वतंत्रता दिवस हमें उन अमर शहीदों के बलिदान को स्मरण करने का पावन अवसर देता है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। देवभूमि के ऐसे वीर सपूतों की वीरगाथाएं सदैव समस्त देशवासियों को राष्ट्र सेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देती रहेंगी।”
मुख्यमंत्री ने यह भी दोहराया कि राज्य सरकार शहीदों के परिवारों के साथ हर कदम पर खड़ी है और उनके कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगी।