देहरादून। लोक भवन में आयोजित ‘लोक-मिलन’ कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने शुक्रवार को पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और प्रदेश के विभिन्न दूरदराज क्षेत्रों से आए नागरिकों की जनसमस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और देहरादून जिलों से पहुंचे 14 नागरिकों ने भूमि, रोजगार और ग्राम विकास से जुड़े मुद्दे राज्यपाल के समक्ष रखे।
अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
राज्यपाल ने उपस्थित एवं संबंधित अधिकारियों को सभी जनसमस्याओं का नियमानुसार और निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायत निवारण अधिकारी को स्पष्ट किया कि प्राप्त प्रकरणों को तत्काल संबंधित जिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को भेजा जाए तथा उनके समाधान की नियमित निगरानी (ट्रैकिंग) सुनिश्चित की जाए।
राज्यपाल ने कहा कि ‘लोक-मिलन’ कार्यक्रम की प्राथमिकता आमजन, विशेषकर पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका पारदर्शी व प्रभावी समाधान निकालना है।
पदक विजेता खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
लोक-मिलन कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल से कई होनहार खिलाड़ियों ने भी मुलाकात की:
- एशियन पैरा थ्रो-बॉल प्रतियोगिता (मलेशिया): पदक विजेता दिव्यांग खिलाड़ियों ने राज्यपाल से भेंट की।
- काठमांडू अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता: पदक विजेताओं ने अपनी उपलब्धि साझा की।
- आइस स्टॉक नेशनल गेम्स: पदक विजेता शालिनी राणा ने राज्यपाल से मुलाकात की।
राज्यपाल ने सभी खिलाड़ियों को उनकी शानदार खेल उपलब्धियों के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
लेखकों ने भेंट कीं पुस्तकें
कार्यक्रम में साहित्य एवं लेखन से जुड़े शिक्षाविदों और लेखकों ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान डॉ. रमेश सिंह पाल, डॉ. कमल किशोर डुकलान और डॉ. हरेंद्र चौधरी ने अपनी स्वलिखित पुस्तकें राज्यपाल को भेंट कीं।