देहरादून:
बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता अक्षय कुमार ने रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके शासकीय आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश की नई फिल्म नीति, फिल्म निर्माण की संभावनाओं और उत्तराखंड को देश के प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने को लेकर गहन चर्चा की गई।
’देवभूमि’ बन रही फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद
मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे एक आत्मीय भेंट बताते हुए कहा कि उत्तराखंड अपनी नैसर्गिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अनुकूल फिल्म नीति के कारण देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं के लिए एक आकर्षक गंतव्य के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में प्राकृतिक सौंदर्य से लेकर अनछुए सांस्कृतिक परिवेश तक, फिल्म निर्माण की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।
स्थानीय युवाओं के लिए सृजित होंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इसके साथ ही, फिल्म उद्योग से जुड़ी गतिविधियों और शूटिंग के माध्यम से प्रदेश के स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
अक्षय कुमार की इस मुलाकात से यह उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में उत्तराखंड में बॉलीवुड की गतिविधियों और फिल्मों की शूटिंग में और अधिक तेजी आएगी, जिससे पर्यटन और स्थानीय आजीविका को भी बढ़ावा मिलेगा।