देहरादून | मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित भव्य दशहरा महोत्सव में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों को विजयादशमी के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं दीं।

सत्य की होती है सदैव विजय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विजयादशमी का पावन पर्व हमें यह संदेश देता है कि सत्य की सदैव विजय होती है तथा अहंकार एवं अधर्म का अंत निश्चित है। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का आदर्श जीवन हम सभी को कर्तव्यनिष्ठा, संयम, त्याग और सेवा-भाव के साथ जीवन पथ पर आगे बढ़ने की गहरी प्रेरणा देता है।

सशक्त और समृद्ध उत्तराखंड का संकल्प
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता से आह्वान किया कि इस पावन अवसर पर हम सभी को सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपसी सहभागिता और इन आदर्शों के साथ मिलकर हम एक सशक्त एवं समृद्ध उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ें।
इस गरिमामयी अवसर पर माननीय कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास जी समेत अन्य गणमान्यजन और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।