– शपथ ग्रहण के बाद पहली बार बदरीनाथ धाम पहुंचे महामहिम राज्यपाल
– मास्टर प्लान के तहत चल रहे विकास कार्यों की जानी प्रगति
देहरादून/चमोली:
उत्तराखंड के 9वें राज्यपाल के रूप में कार्यभार संभालने वाले महामहिम राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने शनिवार (24 अक्टूबर 2026) को भू-वैकुण्ठ श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बद्री विशाल के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति व खुशहाली की कामना की।

उल्लेखनीय है कि डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने बीते 19 अक्टूबर 2026 को देहरादून स्थित लोकभवन में प्रदेश के 9वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। शपथ ग्रहण के बाद उनका यह पहला बदरीनाथ धाम दौरा है।
हेलीपैड पर हुआ भव्य स्वागत
बदरीनाथ धाम पहुंचने पर राज्यपाल का स्थानीय प्रशासन ने गर्मजोशी से स्वागत किया। हेलीपैड पर जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार और राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रताप सिंह पंवार ने राज्यपाल महोदय को स्मृति चिह्न और हरित पौधा भेंट किया।

इस अवसर पर सेरेमोनियल यूनिफॉर्म में मौजूद पुलिस के जवानों ने महामहिम को गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी) दी। राज्यपाल ने जवानों के उत्कृष्ट टर्नआउट और सटीक शस्त्र कवायद (Drill) की खुलकर सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
श्रद्धालुओं का किया अभिवादन, मास्टर प्लान की समीक्षा
भगवान बद्री विशाल के दर्शन और विशेष पूजा-अर्चना के बाद महामहिम राज्यपाल ने मंदिर परिसर में मौजूद देश-विदेश के श्रद्धालुओं का हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया।
दर्शन उपरांत जिला प्रशासन के अधिकारियों ने राज्यपाल को बदरीनाथ धाम मास्टर प्लान के अंतर्गत चल रहे विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों की प्रगति से विस्तार से अवगत कराया।