देहरादून: राजधानी देहरादून के नंदा की चौकी स्थित पुल के टूटने की खबर को जिला प्रशासन ने पूरी तरह से अफवाह करार दिया है। प्रशासन के अनुसार, लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण पुल से जुड़ी एप्रोच रोड के नीचे की मिट्टी बह गई थी, जिससे सड़क का एक हिस्सा धंस गया। इसी वजह से सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर पुल टूटने की भ्रामक सूचना फैल गई।
डीएम ने मौके पर किया निरीक्षण, पुल सुरक्षित
पुल क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान तकनीकी इंजीनियरों की टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और स्पष्ट किया कि पुल का मुख्य ढांचा पूरी तरह सुरक्षित है और उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
तीन घंटे में सड़क सुचारु करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने लोनिवि (PWD) और संबंधित तकनीकी टीम को एप्रोच रोड की मरम्मत का कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आगामी तीन घंटे के भीतर सड़क को दुरुस्त कर यातायात सुचारु करने के सख्त आदेश दिए हैं।
प्रशासन की अपील:
- मौके पर पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
- जिला प्रशासन और पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि पुल टूटने जैसी भ्रामक और अफवाहपूर्ण खबरों पर ध्यान न दें।
- केवल शासन व प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं और बुलेटिन पर ही भरोसा करें।