लंबगांव (प्रतापनगर):
उत्तराखंड के प्रतापनगर क्षेत्र के बहुचर्चित केतन लाल हत्याकांड से जुड़े नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आखिरकार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लंबगांव पुलिस ने मुख्य आरोपित दिवाकर डिमरी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस कार्यप्रणाली पर उठ रहे थे सवाल
न्यायालय के आदेश पर 11 जुलाई को लंबगांव थाने में पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था और पीड़िता के धारा-164 के तहत बयान भी दर्ज हो चुके थे। इसके बावजूद आरोपित की गिरफ्तारी न होने से स्थानीय ग्रामीणों और पीड़िता के परिजनों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी थी।
उग्र आंदोलन की चेतावनी के बाद एक्शन
सोमवार को पीड़िता की मां और क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस को कड़ी चेतावनी दी थी। उन्होंने अल्टीमेटम दिया था कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो बुधवार से जिला मुख्यालय में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन और अनशन शुरू किया जाएगा। जनता के कड़े रुख को देखते हुए हरकत में आई लंबगांव पुलिस ने तुरंत दबिश देकर ग्राम देवल निवासी आरोपित दिवाकर डिमरी को दबोच लिया।
एसएसपी ने दी मामले की जानकारी
मामले की पुष्टि करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्वेता चौबे ने बताया कि:
”आरोपित को नियमानुसार न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस संवेदनशील मामले की विस्तृत और गहनता से जांच अभी जारी है।”