कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि; जिले भर के बूथों पर भी आयोजित हुए कार्यक्रम।
रुद्रप्रयाग। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिला कार्यालय सहित जनपद के सभी मंडल मुख्यालयों एवं बूथ स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने की। इस दौरान मुख्य अतिथि व सूबे के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी एवं जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट की मौजूदगी में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। इसके उपरांत एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
अंत्योदय और एकात्म मानववाद ही विकास का मूलमंत्र: भरत सिंह चौधरी
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन निर्माण और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने ‘अंत्योदय’ और ‘एकात्म मानववाद’ के माध्यम से ऐसी विकास दृष्टि प्रस्तुत की, जिसमें समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। उनके विचार आज भी राष्ट्रहित और जनसेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि पंडित जी का जीवन सादगी, त्याग और सिद्धांतों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का अनुपम उदाहरण है।
कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं पंडित जी के विचार: भारत भूषण भट्ट
जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा करने की सीख देता है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पंडित जी के विचारों को अपने आचरण में उतारते हुए संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के कार्यों में निरंतर जुटे रहें।
ये प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला प्रभारी सतीश लखेड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, राज्य मंत्री विजय कप्रवान, चंडी प्रसाद भट्ट, ओमप्रकाश भट्ट, जिला महामंत्री अरुण चमोली, राय सिंह राणा, प्रदेश कार्य समिति सदस्य अजय सेमवाल, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र रावत, सैन सिंह बिष्ट, शशि नेगी, जिला मीडिया प्रभारी सतेन्द्र बर्त्वाल, जिला उपाध्यक्ष पार्वती गोस्वामी, अमित प्रदाली सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।