चमोली (उत्तराखंड)। जनपद चमोली के विभिन्न स्नातकोत्तर एवं राजकीय महाविद्यालयों में छात्र संघ निर्वाचन के तहत गुरुवार, 24 सितंबर को नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हो गई। नामांकन के दौरान परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशों के क्रम में संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती और महाविद्यालय प्रशासनों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा कराया।
एसपी के सख्त निर्देश: संयम और निष्पक्षता से हो ड्यूटी
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को संपूर्ण छात्र संघ चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में तैनात पुलिस बल को ब्रीफ करने और निष्पक्षता, संयम व सतर्कता के साथ चुनावी ड्यूटी निभाने की ताकीद की है।
महाविद्यालयवार नामांकनों का विवरण
जनपद के 8 प्रमुख महाविद्यालयों में विभिन्न पदों पर दाखिल हुए नामांकन पत्रों का ब्योरा इस प्रकार है:
- 1. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गोपेश्वर (श्री देव सुमन विवि परिसर): अध्यक्ष पद पर 03, उपाध्यक्ष पर 04, सचिव पर 02, सहसचिव पर 03, कोषाध्यक्ष पर 04 तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर 03 उम्मीदवारों ने नामांकन किया।
- 2. डॉ. शिवानन्द नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग: अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि—सभी पदों पर 02-02 दावेदारों ने पर्चा भरा।
- 3. शहीद जगदीश प्रसाद पुरोहित राजकीय महाविद्यालय, नन्दानगर: अध्यक्ष पर 04, उपाध्यक्ष पर 03, सचिव पर 02, सहसचिव पर 02, कोषाध्यक्ष पर 01 तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पर 03 नामांकन दर्ज किए गए।
- 4. स्व. सं.से. आलम सिंह फर्स्वाण राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी: अध्यक्ष पर 03, उपाध्यक्ष पर 01, सचिव पर 02, सहसचिव पर 01, कोषाध्यक्ष पर 01 और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर 02 नामांकन आए।
- 5. हि.क.च.कु. बर्त्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नागनाथ पोखरी: अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पदों पर 02-02 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे।
- 6. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गैरसैंण: अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पर 02-02 एवं कोषाध्यक्ष पद पर 01 नामांकन हुआ।
- 7. मगन लाल शाह राजकीय महाविद्यालय, मींग (नारायणबगड़): अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव व कोषाध्यक्ष पद पर 02-02, जबकि विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर 04 नामांकन दर्ज किए गए।
- 8. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ज्योतिर्मठ: अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव व सहसचिव पद पर 03-03 तथा कोषाध्यक्ष व विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर 02-02 पर्चे भरे गए।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान और मतगणना सहित आगामी सभी प्रक्रियाओं को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएंगी।