हल्द्वानी (नैनीताल): उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आ रही है। यहाँ रामपुर रोड स्थित जीतपुर नेगी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक नामी ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी (अमेजन) के स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में स्टोर के भीतर सो रहे दो कर्मचारियों की जलने और दम घुटने से मौत हो गई। आग इतनी विकराल थी कि उसने पूरे स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये का सामान और वाहन जलकर राख हो गए।शटर काटकर अंदर घुसी फायर ब्रिगेडजानकारी के मुताबिक, हादसा शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पास ही स्थित ब्लिंकिट स्टोर के कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल भारी पुलिस बल और दमकल की कई गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे।हादसे के वक्त स्टोर का मुख्य शटर बाहर से बंद था, जिसके कारण राहत और बचाव कार्य में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दमकल कर्मियों ने कटर की मदद से शटर को काटा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक टीम अंदर पहुंच पाती, तब तक अंदर सो रहे दोनों कर्मचारियों की मौत हो चुकी थी।मृतकों की हुई पहचानपुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों कर्मचारियों की शिनाख्त कर ली गई है:नरेंद्र (उम्र 35 वर्ष) – निवासी: बागजाला, गौलापारअमित (उम्र 25 वर्ष) – निवासी: पंचायतघर, हल्द्वानीपुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल (STH) भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। इस दौरान आग बुझाने के प्रयास में आसपास के कुछ लोग भी मामूली रूप से झुलसे हैं।लाखों का सामान और वाहन जलकर राखइस भीषण अग्निकांड में अमेजन स्टोर में रखे सैकड़ों डिलीवरी पार्सल और लाखों रुपये का कीमती सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है। इसके अलावा स्टोर के अंदर चार्जिंग पर लगी एक स्कूटी और सामान ढोने वाला एक मालवाहक टेंपो भी जलकर कंकाल बन गया।शॉर्ट सर्किट हो सकता है कारण: एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, क्योंकि रात में एक स्कूटी चार्जिंग पर लगी हुई थी। हालांकि, हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।