गदरपुर (ऊधम सिंह नगर)। उत्तराखंड में साहसिक खेलों और पर्यटन को वैश्विक मानचित्र पर चमकाने के लिए धामी सरकार ने कमर कस ली है। ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर में आगामी अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतियोगिता स्थल का औचक स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने वहां वाटर स्पोर्ट्स का आनंद भी लिया।निरीक्षण के दौरान सीएम धामी ने आयोजन से जुड़े प्रशासनिक और खेल विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियों को निर्धारित अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।खेल और रोजगार को मिलेगी नई उड़ान: मुख्यमंत्रीमीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा:”हमारी सरकार राज्य में खेल अवसंरचना (Sports Infrastructure) के विकास और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं व बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर काम कर रही है। उत्तराखंड राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है।”मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि गदरपुर में होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन से न केवल उत्तराखंड में साहसिक खेलों (Adventure Sports) को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि प्रदेश में पर्यटन, स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी एक नई रफ्तार मिलेगी।पूर्व खेल मंत्री और विधायक अरविंद पांडेय भी रहे मौजूदइस खास मौके पर क्षेत्रीय विधायक और पूर्व खेल मंत्री श्री अरविंद पांडेय भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे। उन्होंने भी आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं को देखा और क्षेत्र के युवाओं के लिए इसे एक बड़ा अवसर बताया। निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस बल और खेल जगत से जुड़ी तमाम हस्तियां मौजूद रहीं।