नाबालिग से दुष्कर्म और गर्भवती करने का आरोपी थराली पुलिस की गिरफ्त में; एसपी चमोली के कड़े निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
थराली (चमोली):
नाबालिग के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने के गंभीर मामले में थाना थराली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के दौरान हुआ खुलासा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 जुलाई 2026 को पीड़िता के पिता (वादी) ने थाना थराली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री काफी समय से पेट दर्द की शिकायत कर रही थी। जब उसे नियमित चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, तो डॉक्टरों ने अल्ट्रासाउंड व अन्य चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर उसे 26 सप्ताह की गर्भवती बताया।
डॉक्टरों के इस खुलासे के बाद जब परिजनों ने बालिका से पूछताछ की, तो उसने आपबीती सुनाई। पीड़िता ने बताया कि अजय कुनियाल (पुत्र योगेश्वर प्रसाद, निवासी मल्ला मुन्दोली, देवाल, जनपद चमोली) ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाकर दुष्कर्म किया। साथ ही, आरोपी ने किसी को भी घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
मामले की गंभीरता पर एक्शन मोड में पुलिस
वादी की तहरीर के आधार पर थाना थराली में अभियुक्त के खिलाफ मु0अ0सं0-22/2026, धारा 61(1) बीएनएस एवं धारा 5(j)(ii)/6 पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act) के तहत मामला पंजीकृत किया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली, सुरजीत सिंह पँवार ने थाना थराली पुलिस को अभियुक्त की तत्काल गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कड़ी व त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
त्वरित कार्रवाई कर आरोपी गिरफ्तार
एसपी के निर्देशों के अनुपालन में थाना थराली पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर दबिश दी। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मामला दर्ज होने के दिन ही, यानी 22 जुलाई 2026 को अभियुक्त अजय कुनियाल को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।