सतपुली (पौड़ी गढ़वाल): वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सतपुली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम पोखरी से एक व्यक्ति को गुलदार (लेपर्ड) की खाल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी इस खाल को हरियाणा ले जाकर ऊंचे दामों में बेचने की फिराक में था।
मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस का एक्शन
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशों और क्षेत्राधिकारी पौड़ी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अनिल चौहान के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम पोखरी (दुधारखाल) निवासी एक व्यक्ति के पास गुलदार की खाल मौजूद है। सूचना की पुख्ता पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने गांव में अचानक दबिश दी।
टिन के बक्से में छिपाकर रखी थी खाल
पुलिस ने संदीप कुमार धस्माना (39 वर्ष), निवासी ग्राम पोखरी को हिरासत में लेकर उसके घर की तलाशी ली। घर के अंदर रखे एक टिन के बॉक्स से गुलदार की खाल बरामद हुई, जिसे पुलिस ने तुरंत कब्जे में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी का बड़ा खुलासा:
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने करीब दो वर्ष पहले जंगल में फंदा लगाकर गुलदार का शिकार किया था। इसके बाद खाल निकालकर सुखाई और लंबे समय से सही खरीदार की तलाश में उसे छिपाकर रखा था। अब वह इसे हरियाणा में बेचने की योजना बना रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
सतपुली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39, 50 और 51 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।