देहरादून। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चीड़बाग (गढ़ीकैंट) स्थित शौर्य स्थल से ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
”भारतीय सेना के अदम्य साहस का प्रतीक है यह दिन”
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य, पराक्रम और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा:
“वर्ष 1999 में हमारे सैनिकों ने विषम परिस्थितियों में मातृभूमि की रक्षा करते हुए अद्वितीय वीरता का परिचय दिया और विश्व के सामने भारतीय सेना की क्षमता का लोहा मनवाया। देश सदैव अपने वीर सैनिकों और शहीदों के बलिदान का ऋणी रहेगा।”
देवभूमि के वीरों को नमन और युवाओं से आह्वान
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को वीरों की भूमि बताते हुए कहा कि प्रदेश के अनेक सैनिकों ने कारगिल युद्ध सहित विभिन्न सैन्य अभियानों में अपने सर्वोच्च बलिदान से देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण व सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इसके साथ ही उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा, मातृशक्ति और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।