रुद्रप्रयाग।
जनपद के सेमकोटी क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ जंगल में घास लेने गई एक महिला उफान पर आए गदेरे (बरसाती नाले) के तेज बहाव की चपेट में आ गई, जिससे पानी में बहने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव टीमों ने खोजबीन अभियान चलाकर महिला का शव बरामद कर लिया है।
घास लेने गई थी जंगल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोटी निवासी विनीता देवी (38 वर्ष), पत्नी हिम्मत सिंह नेगी, रविवार को अन्य ग्रामीणों के साथ घास लेने के लिए जंगल की तरफ गई हुई थीं। इसी दौरान रास्ता पार करते समय वह अचानक गदेरे के तेज और विकराल बहाव की ज़द में आ गईं और देखते ही देखते ओझल हो गईं।
सर्च ऑपरेशन चलाकर बरामद किया शव
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम को दी गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF), डीडीआरएफ (DDRF) और जल पुलिस की संयुक्त टीम ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुँची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने महिला का शव बरामद कर लिया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासन की अपील:
मानसून के मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे बरसात के दौरान उफान पर आए नदी-नालों और गदेरों के आसपास जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।