टिहरी। जिले के भिलंगना ब्लॉक अंतर्गत मुयाल गांव के जंदोली तोक में देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गांव में अचानक भूस्खलन शुरू हो गया, जिससे कई अनुसूचित जाति (SC) परिवारों के मकान सीधे खतरे की जद में आ गए हैं।
तड़के हुए इस हादसे में सविता देवी के घर के सामने स्थित आंगन का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। आंगन धंसने से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर नीचे स्थित अन्य मकानों पर जा गिरे। देखते ही देखते पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। अनहोनी की आशंका के चलते डरे-सहमे ग्रामीणों ने रात में ही अपने घरों को छोड़ दिया और सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई।
प्रशासन ने कराया रेस्क्यू, पंचायत भवन में शिफ्ट किए प्रभावित
घटना की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंची। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए भूस्खलन की जद में आए प्रभावित परिवारों को एहतियातन उनके घरों से सुरक्षित बाहर निकाला। सभी प्रभावितों को गांव के ही पंचायत भवन के अतिरिक्त कक्षों में अस्थायी रूप से ठहराया गया है, जहां उनके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
प्राथमिक विद्यालय पर मंडराया संकट
मूसलाधार बारिश और भूस्खलन की इस घटना से गांव के प्राथमिक विद्यालय को भी भारी नुकसान पहुंचा है। स्कूल भवन के पास भूस्खलन होने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों में गहरी चिंता बनी हुई है। प्रशासन फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए हुए है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।