देहरादून: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ किए जाने के विरोध में मंगलवार को देहरादून में कांग्रेस का जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सचिवालय घेराव के लिए कूच किया। इस जोरदार प्रदर्शन के बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सचिवालय के मुख्य द्वार तक पहुंचे कार्यकर्ता
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए सचिवालय की ओर बढ़े। माहौल उस वक्त और गरमा गया जब प्रदर्शनकारी सचिवालय के मुख्य द्वार तक पहुंच गए और खड़गे के कार्यक्रम के बाद हुई इस घटना के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया।
मौके पर मची अफरा-तफरी, अस्पताल में भर्ती
सचिवालय के बाहर जारी प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत अचानक अस्वस्थ हो गए। उनकी तबीयत बिगड़ते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में अफरा-तफरी मच गई। साथी कार्यकर्ताओं और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत संभाला गया और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रखने का संकल्प
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ हुए इस घटनाक्रम को पार्टी बेहद गंभीरता से ले रही है। यह मुद्दा केवल एक नेता से नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ा है। कांग्रेस ने साफ किया कि सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों के सम्मान की इस लड़ाई में पार्टी पीछे नहीं हटेगी और अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी।