डोभाल को निशाना बनाना कांग्रेस की संकीर्ण सोच का प्रमाण, प्रदेश कांग्रेस अपना रुख स्पष्ट करे: भाजपा
रुद्रप्रयाग (UK report 24Live)। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल पर की गई टिप्पणियों की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इसे उत्तराखंड के गौरव, अस्मिता और स्वाभिमान पर सीधा प्रहार बताया।
भाजपा जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भरत सिंह चौधरी ने कहा कि अजीत डोभाल देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए समर्पित उत्तराखंड के गौरवशाली सपूत हैं। ऐसे सम्मानित व्यक्तित्व पर अमर्यादित टिप्पणी करना कांग्रेस की ओछी और संकीर्ण राजनीतिक सोच को उजागर करता है।
राष्ट्रीय सुरक्षा और स्वाभिमान पर सवाल
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को देश की जनता के सामने यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर उन्हें राष्ट्र रक्षा में अग्रणी भूमिका निभाने वाले अजीत डोभाल से इतनी आपत्ति क्यों है? उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन देश सेवा में जुटे महापुरुषों के सम्मान की मर्यादा का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भरत चौधरी ने प्रदेश कांग्रेस के स्थानीय नेताओं को घेरते हुए सवाल उठाया कि यदि उन्हें वास्तव में “उत्तराखंडियत” और राज्य के मान-सम्मान की चिंता है, तो वे राहुल गांधी के इस बयान पर अपनी चुप्पी तोड़ें और अपना रुख स्पष्ट करें।
जनरल बिपिन रावत के अपमान का भी किया जिक्र
भरत चौधरी ने अतीत की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 में भी कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता द्वारा तत्कालीन सेना प्रमुख स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत पर अमर्यादित टिप्पणी की गई थी। अब अजीत डोभाल को निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल उत्तराखंड की वीर भूमि के प्रतीक हैं। एक ने भारतीय सेना का नेतृत्व कर देश का नाम ऊंचा किया, तो दूसरे ने राष्ट्रीय सुरक्षा को अभेद्य बनाया। प्रदेश की जनता अपने इन सपूतों का अपमान कभी सहन नहीं करेगी।”
सैनिकों और सुरक्षा अभियानों पर कांग्रेस का पुराना रवैया
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयरस्ट्राइक जैसे सेना के ऐतिहासिक अभियानों पर भी कांग्रेस नेता लगातार सवाल खड़े करते रहे हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर राजनीति करने के बजाय देश के सैनिकों और सुरक्षा बलों के सम्मान को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
कांग्रेस अपनी राजनीतिक खीझ निकाल रही है: आशा नौटियाल
पत्रकार वार्ता में मौजूद केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है। उत्तराखंड की पावन भूमि ने देश को अनेक शूरवीर और राष्ट्रसेवक दिए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड की जनता द्वारा लगातार नकारे जाने से राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व बौखलाहट में हैं और इसी राजनीतिक खीझ को उत्तराखंड के सपूतों का अपमान करके निकाल रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस ने देवभूमि की भावनाओं से खिलवाड़ बंद नहीं किया, तो आगामी चुनावों में जनता उन्हें करारा जवाब देगी।
पत्रकार वार्ता में ये रहे मौजूद
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, जिला मीडिया प्रभारी सतेन्द्र बर्त्वाल, जिला पंचायत सदस्य अमित मेंखंडी, गंभीर बिष्ट, प्रवेंद्र कुमार सहित कई पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।