उत्तराखंड के गौरव और स्वाभिमान पर प्रहार बर्दाश्त नहीं: विनोद कंडारी
देवप्रयाग (UK report 24Live)। देवप्रयाग से भाजपा विधायक विनोद कंडारी ने अपने कार्यालय में पत्रकारों से एक विशेष वार्ता के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल पर की गई टिप्पणी पर तीखा ऐतराज जताया है। उन्होंने इसे उत्तराखंड के मान-सम्मान और स्वाभिमान पर सीधा हमला करार दिया है।
उत्तराखंड के वीर सपूत का अपमान: कंडारी
विधायक विनोद कंडारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि अजीत डोभाल केवल किसी पद पर आसीन व्यक्ति मात्र नहीं हैं, बल्कि वे देश की सुरक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित करने वाले उत्तराखंड के लाल और वीर सपूत हैं। उनके खिलाफ इस तरह की अमर्यादित टिप्पणी करना न केवल एक व्यक्ति का अनादर है, बल्कि यह देवभूमि उत्तराखंड की गौरवशाली परंपरा और भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाला कृत्य है।
कांग्रेस की सोच पर खड़े किए सवाल
राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कंडारी ने सवाल किया कि आखिर कांग्रेस पार्टी को देश की सुरक्षा और मजबूती में अहम भूमिका निभाने वाले अजीत डोभाल से इतनी दिक्कत क्यों है? उन्होंने कहा:
“राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन राष्ट्रसेवा में जुटे महान व्यक्तित्वों के प्रति भाषा की मर्यादा लांघना और उन पर तंज कसना कांग्रेस की संकीर्ण राजनीति को उजागर करता है।”
जनरल बिपिन रावत के अपमान की दिलाई याद
विधायक ने अतीत का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड ने देश को एक से बढ़कर एक ऐसे वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत को लेकर भी अतीत में कांग्रेस नेताओं द्वारा विवादित बयान दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता अपने वीर सपूतों और राष्ट्रसेवकों के सम्मान के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता या अपमान कभी स्वीकार नहीं करेगी।
आत्ममंथन करे कांग्रेस
विनोद कंडारी ने अंत में कहा कि कांग्रेस को आत्ममंथन करने की जरूरत है कि उनके नेता सार्वजनिक मंचों पर किस प्रकार की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। राजनीतिक मतभेद और विरोध करना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन देश की सुरक्षा से जुड़े और राष्ट्रसेवा करने वाले सम्मानित चेहरों को अपनी ओछी राजनीति की भेंट नहीं चढ़ाया जाना चाहिए।