नई दिल्ली / देहरादून:
उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में न्याय की गुहार तेज हो गई है। शुक्रवार को अंकिता के माता-पिता ने राजधानी दिल्ली स्थित केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के मुख्यालय पहुँचकर वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान गढ़वाल से लोकसभा सांसद अनिल बलूनी भी विशेष रूप से उनके साथ मौजूद रहे।
परिजनों ने सीबीआई के सीनियर अफसरों को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें मामले की निष्पक्षता, गहराई से जांच और दोषियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाने की मांग की गई है।
सांसद अनिल बलूनी ने दिया पूरा भरोसा
मुलाकात के दौरान गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने अंकिता के माता-पिता का ढांढस बंधाया। उन्होंने आश्वस्त किया कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए वे परिवार के साथ हर कदम पर खड़े हैं। सांसद ने इस संवेदनशील मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा की और परिवार की हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।
लगातार जारी है इंसाफ की लड़ाई
बेटी को खोने के बाद से ही अंकिता के माता-पिता लगातार न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनका यह दिल्ली दौरा इस बात का प्रतीक है कि परिवार अपनी बेटी के हत्यारों को कानून के कटघरे में देखने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है। उत्तराखंड से लेकर दिल्ली तक इस मामले को लेकर आम जनता में भी गहरा आक्रोश और न्याय की उम्मीदें बनी हुई हैं।