देहरादून :
अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन जारी है। प्रकरण में नाम सामने आए दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का नया राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने राजधानी देहरादून में विशाल बाइक एवं स्कूटर रैली निकालकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा (Kumari Selja) और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल (Ganesh Godiyal) ने संयुक्त रूप से किया। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


”न झुकेंगे, न रुकेंगे—अंकिता को न्याय दिलाकर रहेंगे”
विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण उत्तराखंड के स्वाभिमान और प्रदेश की बेटी के सम्मान से जुड़ा विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की उम्मीद थी, वहां इसके विपरीत मुख्य संदेहास्पद चेहरों को संवैधानिक पदों का तोहफा दिया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने हुंकार भरते हुए कहा:
“हम न झुकेंगे, न रुकेंगे। न्याय की इस आवाज़ को और बुलंद किया जाएगा। अंकिता को जब तक पूर्ण न्याय नहीं मिल जाता, कांग्रेस पार्टी आखिरी दम तक सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।”
देहरादून की सड़कों पर निकला जनाक्रोश
देहरादून में आयोजित इस बाइक और स्कूटर रैली में भारी संख्या में युवा, महिलाएं और वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। मुख्य मार्गों से गुजरती इस रैली ने पूरे शहर का ध्यान आकर्षित किया। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए कार्यकर्ताओं ने दुष्यंत कुमार गौतम की नियुक्ति को तत्काल वापस लेने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने यह साफ कर दिया है कि अंकिता भंडारी प्रकरण में जब तक ‘वीआईपी’ का नाम सार्वजनिक कर आरोपियों को सजा नहीं दी जाती, तब तक उनका यह आंदोलन थमेगा नहीं।