उत्तराखंड ब्यूरो / चमोली
भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में 27 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। सत्र के दौरान सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। आयोजन से ठीक पहले वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पुलिस बल की विस्तृत ब्रीफिंग कर सुरक्षा के कड़े निर्देश दिए।

शीर्ष अधिकारियों ने ली ब्रीफिंग, अनुशासन और सतर्कता पर जोर
विधानसभा सत्र ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ करने के लिए डॉ. निलेश आनंद भरणे (पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था) और श्री राजीव स्वरूप (पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र) विशेष तौर पर मौजूद रहे।

अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि विधानसभा सत्र जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण आयोजन में पुलिस की भूमिका बेहद जिम्मेदारी भरी होती है। पूर्व के आयोजनों के अनुभवों से सबक लेते हुए सभी कर्मियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं। चेताया गया है कि ड्यूटी में किसी भी तरह की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुरक्षा के कड़े मानक: प्रवेश द्वारों से लेकर बैरियरों तक पहरा
- सघन चेकिंग: विधानसभा परिसर के प्रवेश द्वारों पर तैनात पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे हर आने-जाने वाले व्यक्ति और वाहन की बारीकी से जांच करें। केवल वैध पास धारकों और अधिकृत व्यक्तियों को ही अंदर प्रवेश दिया जाए।
- बैरियर और प्रदर्शन नियंत्रण: जुलूस, धरना-प्रदर्शन या किसी भी अप्रत्याशित हालात से निपटने के लिए बैरियर ड्यूटी पर तैनात बल को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है, ताकि कोई भी अनधिकृत व्यक्ति सुरक्षा घेरे को भेद न सके।
- शालीनता और संयम: पुलिसकर्मियों को हिदायत दी गई है कि वे जनता के साथ शालीन और मर्यादित व्यवहार रखें, समय पर अपने पॉइंट पर पहुंचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को दें।
वर्चुअल माध्यम से बैठक में पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती, समेत चम्पावत, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ के पुलिस अधीक्षक और 46वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक ने भी हिस्सा लिया और सुरक्षा व्यवस्था की रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार, अपर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार और अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश भी मौजूद रहे।
सुरक्षा का महा-कवच: मैदान में डटेगा भारी पुलिस बल
विधानसभा सत्र को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है। जारी किए गए पदवार विवरण के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा इन तमाम पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के कंधों पर रहेगा:

- अपर पुलिस अधीक्षक: 06
- पुलिस उपाधीक्षक: 20
- प्रभारी निरीक्षक / थाना प्रभारी: 54
- उपनिरीक्षक: 43
- महिला उपनिरीक्षक: 35
- अपर उपनिरीक्षक: 52
- मुख्य आरक्षी / आरक्षी: 460
- महिला आरक्षी: 67
- यातायात पुलिस: 26
- सशस्त्र पुलिस: 153
- होमगार्ड: 120
इनके अलावा कानून व्यवस्था और सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए PAC, ATS, SDRF, BDS (बम निरोधक दस्ता) और हॉक टीम के विशेष प्रशिक्षित कार्मिक भी मुस्तैद रहेंगे। ट्रैफिक को सुचारू रखने और आम जनता को असुविधा न हो, इसके लिए भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं।